‘ई साला कप नमदू' हुआ सच, JioHotstar पर रिकॉर्डतोड़ व्यूअरशिप, हर तरफ RCB-RCB की गूंज
RCB vs PBKS Final: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए IPL 2025 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर पहली बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही आरसीबी ने 18 वर्षों का लंबा इंतजार भी खत्म किया।
RCB का 'ई साला कप नमदू' का सपना सच हो गया है। इस मौके पर बल्ले और गेंद से तो तमाम रिकॉर्ड बने ही, साथ में JioHotstar ने भी कमाल कर दिया।

JioHotstar पर रिकॉर्डतोड़ व्यूअरशिप
इस मुकाबले ने डिजिटल व्यूअरशिप के नए कीर्तिमान भी स्थापित किए। जियोहॉटस्टार पर इस फाइनल को देखने वालों की संख्या ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए, जिससे यह मैच आईपीएल इतिहास में सबसे अधिक देखे जाने वाले मैचों में शामिल हो गया। आखिरी के ओवर्स में जियोहॉटस्टार पर व्यूअरशिप 60 करोड़ से भी ज्यादा हो गई।
RCB की इस जीत ने न केवल टीम के इतिहास में नया अध्याय जोड़ा, बल्कि भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में भी खास जगह बना ली। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 190/9 का स्कोर खड़ा किया, जिसमें विराट कोहली ने 43 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। जवाब में पंजाब किंग्स की टीम 184/7 रन ही बना सकी। RCB के गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई। फाइनल मुकाबले में भुवनेश्वर कुमार और क्रुनाल पांड्या ने शानदार गेंदबाजी की। क्रुणाल पंड्या को 2/17 के शानदार स्पेल की बदौलत 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवॉर्ड दिया गया।
इस ऐतिहासिक जीत के गवाह बने पूर्व खिलाड़ी एबी डिविलियर्स और क्रिस गेल, जो स्टेडियम में मौजूद थे और टीम की जीत पर भावुक हो गए। वहीं, विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा भी स्टैंड्स में खुशी से झूम उठीं, जब कोहली ने अपनी आंखों में आंसू लिए ट्रॉफी उठाई।
RCB vs PBKS अवॉर्ड लिस्ट
- Orange Cap: बी साई सुदर्शन
- Purple Cap: प्रसिद्ध कृष्णा
- Emerging Player: बी साई सुदर्शन
- Super Striker: वैभव सूर्यवंशी
- Catch of the Season: नुवान तुषारा
- Fairplay Award: चेन्नई सुपर किंग्स
- Most Valuable Player: सूर्यकुमार यादव


Click it and Unblock the Notifications