गलतफहमी: स्टारलिंक के 8600 रुपये वाले प्लान पर फिरा पानी, असली नहीं हैं ये प्राइस
एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट कंपनी Starlink के भारत में लॉन्च को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। हाल ही में कंपनी की भारतीय वेबसाइट पर कुछ मंथली प्लान्स और हार्डवेयर की कीमतें दिखाई दी थीं, जिससे सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई।
हालांकि, Starlink ने अब साफ कर दिया है कि ये कीमतें असली नहीं थीं, बल्कि एक तकनीकी गलती का नतीजा थीं। असल में क्या हुआ था। आइए जानते हैं।

क्या था मामला?
दरअसल, एक तकनीकी गड़बड़ी के कारण Starlink की वेबसाइट पर भारत के लिए मंथली रेंटल 8,600 रुपये और हार्डवेयर किट (डिश और राउटर) की कीमत 34,000 रुपये दिखाई देने लगी थी। इसमें अनलिमिटेड डेटा और बेहतर कनेक्टिविटी का दावा किया गया था। लेकिन कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ये केवल प्लेसहोल्डर थे।
कंपनी का आधिकारिक बयान
Starlink की वीपी लॉरेन ड्रेयर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि भारत में उनकी सर्विस अभी शुरू नहीं हुई है और न ही वे अभी कोई ऑर्डर ले रहे हैं। उन्होंने कहा, वेबसाइट पर दिखा डेटा भारत में Starlink की असली कीमतों को नहीं दर्शाता है। यह एक गलती थी जिसे ठीक कर लिया गया है।
लॉन्च का कब है प्लान?
फिलहाल Starlink भारत में पेंडिंग रेगुलेटरी अप्रूवल की स्थिति में है। कंपनी का कहना है कि उनकी टीम सरकार से फाइनल मंजूरी मिलने का इंतजार कर रही है। जैसे ही हरी झंडी मिलेगी, सर्विस और वेबसाइट दोनों को लाइव कर दिया जाएगा।
तैयारियां जोरों पर
भले ही लॉन्च में देरी हो रही हो, लेकिन बैकग्राउंड में काम चल रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Starlink भारत के कई शहरों (जैसे नोएडा, मुंबई, चेन्नई, चंडीगढ़, अहमदाबाद) में अपने गेटवे (अर्थ स्टेशन) स्थापित करने की योजना बना रही है। इसके अलावा, महाराष्ट्र सरकार ने भी रिमोट इलाकों में इंटरनेट पहुंचाने के लिए कंपनी के साथ रुचि दिखाई है।


Click it and Unblock the Notifications