गजब! अब जूतों से होगी लोकेशन ट्रैक, चुटकियों में पता चलेगा कहां हो आप?
अब अगर कोई बच्चा घर से बाहर निकले और आप ये सोचें कि वो कहां है, तो इसका जवाब मिल सकता है... उसके जूतों से! जी हां, मशहूर शू कंपनी Sketchers ने बच्चों के लिए ऐसे जूते लॉन्च किए हैं, जिनमें Apple के AirTag को छिपाया जा सकता है। इसका मकसद बच्चों की लोकेशन ट्रैक करना है।

जीनियस आइडिया या नई टेंशन
कई बार खबरों में आपने सुना होगा कि किसी का बैग, सामान या लगेज गुम हो गया और फिर Apple AirTag की मदद से वो वापस मिला। लेकिन अब वही AirTag जूतों में फिट हो रहा है ताकि पेरेंट्स अपने बच्चों की लाइव लोकेशन जान सकें। Sketchers ने इसे अपने "Find My Sketchers" नामक लाइनअप में पेश किया है।
क्या बच्चों को ट्रैक करना सही है?
बेशक, हर मां-बाप अपने बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहता है। चाहे बच्चा कोचिंग गया हो, या दोस्तों संग फिल्म देखने, अगर उसे ट्रैक किया जा सके तो मन को सुकून जरूर मिलता है। लेकिन क्या ये तरीका थोड़ा ज्यादा नहीं हो गया? तकनीक का ये नया इस्तेमाल सुरक्षा के साथ-साथ प्राइवेसी पर भी सवाल खड़ा करता है।
कीमत और फीचर्स क्या हैं?
Sketchers ने इन खास जूतों की कीमत करीब $52 (लगभग 4,300 रुपये) रखी है। कंपनी का दावा है कि AirTag जूते के अंदर बड़े आराम से फिट हो जाएगा और इससे पहनने में कोई परेशानी नहीं होगी। जूते की डिजाइन और कम्फर्ट में भी कोई समझौता नहीं किया गया है।
एपल को पसंद आया आइडिया
Apple भी इस कॉन्सेप्ट को बढ़ावा दे रहा है, यही वजह है कि AirTag का सपोर्ट इन जूतों में दिया जा रहा है और iPhone यूजर्स आसानी से इसे ट्रैक कर पाएंगे।
हालांकि, बीते समय में AirTag का गलत इस्तेमाल जैसे कि किसी के बैग में चोरी-छिपे डालकर उन्हें स्टॉक करना सामने आया था। ऐसे में सवाल उठते हैं कि बच्चों के जूतों में इसका इस्तेमाल सुरक्षा देगा या नए विवाद खड़े करेगा?


Click it and Unblock the Notifications








