टिंडर डेट बनी जाल: दिल्ली के युवक से कैफे में वसूले ₹50,000, जानें पूरा मामला
Tinder scam alert: ऑनलाइन डेटिंग ऐप्स के जरिए ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। लोग नकली प्रोफाइल और फर्जी कहानियों के झांसे में फँसकर बड़ी रकम गंवा रहे हैं। ताजा मामला दिल्ली के कड़कड़डूमा इलाके का है, जहां एक शख्स की टिंडर डेट महंगी साबित हुई। उसे कैफे का बिल चुकाने के नाम पर 50,000 रुपये से ज्यादा की रकम देनी पड़ी।

रेडिट पर बताई आपबीती
रेडिट पर एक यूजर ने पोस्ट लिखते हुए बताया, "TINDER SCAM, [PSA] Got scammed on a Tinder date - beware of cafes running scams in Karkardooma (Delhi)"। यह पोस्ट वायरल हो गया और अब तक 3,500 से अधिक अपवोट और 1,400+ कमेंट्स मिल चुके हैं।
यूजर के मुताबिक, वह टिंडर पर मैच हुई लड़की से मिलने कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन के पास एक कैफे पहुंचा। शुरुआत में सब कुछ सामान्य लगा लेकिन बैठने के बाद स्टाफ ने जबरदस्ती महंगे आइटम ऑर्डर करने के लिए दबाव बनाया। मेन्यू भी ढंग से नहीं दिखाया गया और बार-बार अतिरिक्त ऑर्डर करने को कहा गया। अंत में जब बिल आया तो वह 50,000 रुपये से भी ज्यादा का निकला। पीड़ित ने इसकी तस्वीर भी शेयर की और इसे "सुनियोजित स्कैम" बताया।
कई लोग फंसे जाल में
दिल्ली वाला यह मामला अकेला नहीं है। वायरल पोस्ट पर कई लोगों ने अपने अनुभव भी साझा किए। एक यूजर ने बताया कि कोलकाता में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां एक छात्र से 35,000 रुपये का बिल वसूला गया। मामला कंज्यूमर कोर्ट तक पहुंचा और पीड़ित को 75,000 रुपये मुआवजा मिला, जबकि रेस्तरां पर 1.5 रुपये लाख का जुर्माना लगाया गया।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि टिंडर, बम्बल और हिंज जैसी डेटिंग ऐप्स पर बढ़ते यूजर्स को देखते हुए अब कई ठग एक्टिव हो गए हैं। खासकर मेट्रो स्टेशनों के पास के कुछ कैफे फर्जी प्रोफाइल के साथ मिलकर लोगों को फंसाते हैं और फिर भारी-भरकम बिल थमा देते हैं।


Click it and Unblock the Notifications