अब ऑनलाइन बनवा सकेंगे आधार कार्ड
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने शुक्रवार को आधार कार्ड से जुड़ी तीन नई सेवाओं की शुरुआत की, जिससे लोगों को अपनी पहचान ऑनलाइन सत्यापित करने में मदद मिलेगी। यूआईडीएआई ने देशभर में 300 अतिरिक्त स्थाई पंजीकरण केंद्र खोलने की भी घोषणा की। जो सेवाएं शुरू की गई हैं, उनमें इलेक्ट्रॉनिक अपने ग्राहक को जानिए (ई-केवाईसी ), आंख की पुतली द्वारा सत्यापन तथा वन टाइम पिन (ओटीपी) के जरिये सत्यापन की सेवाएं शामिल हैं।
यूआईडीएआई की उक्त तीनों नई सेवाओं के शुभारंभ पर मौजूद, योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया ने कहा, "यह परिवर्तनकारी पहल है और मैं आश्वस्त हूं कि आम आदमी को भविष्य में इसका लाभ मिलेगा।

केवाईसी एवं अन्य सत्यापन सेवाओं से लोगों को आधार से जुड़ी सेवाओं का लाभ पाने में मदद मिलेगी। साथ ही इससे सार्वजनिक एवं निजी प्रतिष्ठान भी कम खर्च में, सुरक्षित व लचीले तरीके से उपभोक्ताओं की पहचान सुनिश्चित कर सकेंगे।
आंखों की पुतली से सत्यापन की प्रक्रिया उन सभी के लिए है, जिनके पास आधार संख्या है। इसी तरह ओटीपी सेवा से सत्यापन का लाभ उन्हें मिलेगा, जिन्होंने पंजीकरण के वक्त अपना मोबाइल नंबर पंजीकृत करवाया था या बाद में अपडेट किया। प्राधिकरण ने करीब 300 अतिरिक्त स्थाई पंजीकरण केंद्र स्थापित करने की भी घोषणा की है, जो आधार केंद्र के नाम से जाने जाते हैं। आधार केंद्रों की संख्या इस साल सितम्बर तक बढ़ाकर 1,000 करने की भी योजना है।


Click it and Unblock the Notifications







