350 रुपए का ये फोन क्या दे पाएगा Nokia 3310 को टक्कर
वीवा (VIVA) कंपनी ने मंगलवार को भारत में अपना पहला फीचर फोन V1 फोन लॉन्च कर दिया है। वीवा भारतीय मोबाइल स्टार्ट-अप कंपनी है और वीवा V1 कंपनी का पहला फीचर फोन है। कंपनी ने इस फोन को 349 रुपए कीमत के साथ पेश किया है।
ये फीचर फोन है, जिसमें कंपनी ने 650mah क्षमता वाली बैटरी दी है। यानी अगर आप बैटरी बैकअप के लिए कोई फोन खरीदना चाहते हैं, तो ये फोन आपके लिए बेस्ट ऑप्शन साबित हो सकता है। कंपनी ने इस फोन को ब्लू ऑरेंज कलर में पेश किया है। आइए जानते हैं इस फोन के बाकी फीचर्स के बारे में।

वीवा V1 फोन 1.44 इंच का मोनोक्रोम डिसप्ले के साथ आता है। खास फीचर्स की बात करें, तो कंपनी का दावा है कि इस फोन के डिसप्ले से डे लाइट में भी आसानी से देखा जा सकता है। फोन में अल्फान्यूमरिक कीपैड दिया है, जिसके जरिए आप टाइप कर सकते हैं। अंग्रेजी के अलावा इस फोन में हिंदी लैंग्वेज सपोर्ट भी दिया गया है।
जैसा कि हम बता चुके हैं कि कंपनी ने फीचर फोन कैटेगिरी में इस फोन को दमदार बैटरी के साथ पेश किया है। इस फोन में 650mah की बैटरी दी गई है। कंपनी का दावा है कि इसकी बैटरी 15 दिन के स्टैंडबाय टाइम दे सकती है। ये फोन सिंगल सिम सपोर्ट के साथ आता है, जिसके जरिए 2G कॉलिंग की जा सकती है।
वीवा के इस फोन में 32MB रैम दी गई है। बाकी फीचर फोन की तरह इस फोन में भी FM रेडियो, टॉर्चलाइट, फोनबुक, कैलकुलेटर, कैलेंडर जैसे अन्य फीचर्स दिए गए हैं। दिखने में ये फोन काफी छोटा है और इसका साइज 10X4.4X1.9 सेमी है।
कंपनी ने इस फोन को 349 रुपए कीमत के साथ पेश किया है। कंपनी अपने इस फोन के साथ 1 साल की मैन्युफैक्चरर वॉरंटी भी देती है। अगर आप इस फोन को खरीदने का सोच रहे हैं, तो बता दें कि ये फोन एक्सक्लूसिवली शॉपक्लूज की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

स्मार्टफोन इंडस्ट्री में एक तरफ तो स्मार्टफोन यूजर्स की संख्या तेजी से बढ़ रही है, वहीं दूसरी तरफ फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले लोग भी पहले से ज्यादा हो गए हैं। स्मार्टफोन यूजर्स भी अब अपने साथ एक फीचर फोन रखना पसंद करते हैं।
इसी ट्रेंड को देखते हुए पॉपुलर कंपनियां भी फीचर फोन लॉन्च कर रही हैं। मोबाइल कंपनी नोकिया ने भी अपने फ्लैगशिप फोन नोकिया 3310 के साथ वापिसी की थी। वीवा V1 फीचर फोन में कीमत के अनुसार दमदार फीचर्स दिए हैं। ऐसे में ये फोन नोकिया 3310 को टक्कर दे सकता है।


Click it and Unblock the Notifications








