Jio को वोडाफोन देगा टक्कर, लॉन्च किया नया प्लान
रिलायंस जियो के बाजार में उतरने के बाद से पूरे टेलिकॉम बाजार में काफी बदलाव आए हैं। सभी टेलिकॉम कंपनियां रिलायंस जियो को टक्कर देने के लिए एक से बढ़कर एक प्लान्स पेश कर रहीं हैं। आए दिन कंपनियां अपने प्रीपेड और पोस्टपेड यूजर्स के लिए ऑफर्स और प्लान्स लॉन्च कर रही हैं, जिससे यूजर्स को आकर्षित किया जा सके।

इसी टक्कर के चलते वोडाफोन इंडिया ने भी अपनी कमर कस ली है। वोडाफोन ने अपने यूजर्स के लिए एक लंबी वैलिडिटी वाला प्लान पेश किया है। हालांकि इस प्रीपेड प्लान की कीमत अधिक है लेकिन इसके फायदे भी अन्य प्लान्स के मुकाबले काफी ज्यादा हैं। वोडाफोन ने अपने इस प्लान को सीधे तौर पर रिलायंस जियो को टक्कर देने के लिए पेश किया है।
क्या है वोडाफोन का नया प्रीपेड प्लान
वोडाफोन ने अपने प्रीपेड यूजर्स के लिए 1499 रुपये का प्लान पेश किया है। जो 365 दिनों की वैलिडिटी के साथ आता है। बता दें, वोडाफोन के इस प्लान में यूजर्स को अनलिमिटेड कॉलिंग दी जा रही है। इतना ही नहीं, यूजर्स इस प्लान के चलते अनलिमिटेड नेशनल रोमिंग का भी फायदा उठा सकते हैं।
बीजीआर के अनुसार, कंपनी के प्लान की बात करें तो इसमें यूजर्स को अनलिमिटेड लोकल और नेशनल आउटगोंइंग कॉल्स दी जा रही हैं। वहीं, यूजर्स को रोजाना 100 एसएमएस दिए जा रहे हैं। वोडाफोन के 1499 रुपये के प्लान में मिलने वाले डेटा की बात करें तो इसमें एक जीबी हाईस्पीड रोजाना दिया जा जाएगा। यानी यूजर्स को कुल 365 जीबी डेटा दिया जा रहा है।
अगर यूजर्स रोजाना की लिमिट से अलग जाते हैं तो फिर उन्हें 50 पैसे प्रति एमबी की दर से खर्च करने होंगे। बता दें, रिलायंस जियो भी अपना 1699 रुपये के प्लान लॉन्च करने जा रही है। जिसमें यूजर्स को अनलिमिटेड लोकल और नेशनल कॉल्स मिलेगी। इसके अलावा 100 लोकल और नेशनल एसएमएस दिए जाएंगे। वहीं, यूजर्स Jio Tv, Jio Movies, Jio Saavn Music और अन्य ऐप्स का फायदा उठा सकेंगे। जियो का यह प्लान भी एक साल की वेलिडिटी के साथ लॉन्च किया जाएगा। प्लान में रोजाना डेढ़ जीबी डेटा दिया जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications








