दिसंबर तक DTC बसों में होंगे wi-fi और CCTV कैमरा
दिल्ली राज्य के विधानसभा चुनावों के समय अनेक राजनीतिक दलों ने सुरक्षा के मुद्दे को लेकर बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं मतदाताओं को लुभाने के लिए फ्री वाईफाई सेवा देने की बात कही थी।
इन बातों को पूरा करने के लिए दिल्ली सरकार द्वारा दिसंबर 2015 तक डीटीसी की बसों में सीसीटीवी कैमरे व वाईफाई की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।

प्रथम चरण में दिल्ली सरकार कुछ डीटीसी बसों में यह सुविधा उपलब्ध कराएगी, जिसमें एसी एवं नाॅनएसी लो-फ्लोर बसें शामिल होगी। दिल्ली डायलॉग कमीशन (डीडीसी) को, अरविंद केजरीवाल (मुख्यमंत्री, दिल्ली सरकार) की अध्यक्षता में, राजधानी में सरकार के इस फ्लैगशिप प्रोजेक्ट को पूरा करने का काम सौंपा गया है। इस संबंध में गोपाल राय (परिवहन मंत्री, दिल्ली सरकार) ने कहा कि ‘सरकार ने इस वर्ष दिसंबर माह तक बसों में सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल करने और वाईफाई सर्विस मुहैया कराने का निर्णय लिया है।
ट्रायल रन के लिए, यह प्रोजेक्ट कुछ बसों में शुरू किया जाएगा।...हम बसों में एक साथ सीसीटीवी और वाईफाई सुविधाएं लगाना चाहते है ताकि बाद में सरकार को सिस्टम बदलना न पड़े।...200 सीसीटीवी कैमरे पहले ही डीटीसी बसों में लगाए जा चुके हैं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए बसों में होम गार्ड्स भी नियुक्त कर दिए गए हैं।‘ एक वरिष्ठ अधिकारी की माने तो यह वाईफाई सुविधा कुछ समय के लिए ही फ्री होगी जिसके बाद आपको उपयोग के अनुसार भुगतान करना होगा।
आपको बता दें कि डीटीसी की माने तो राजघाट व सरोजिनी नगर डिपो की 200 बसें सीसीटीवी कैमरे से लैस की जा चुकी हैं जिनके कैमरे सात घंटे की रिकॉर्डिंग की क्षमता रखते हैं।


Click it and Unblock the Notifications








