Xiaomi Redmi S2 लॉन्च, जानें सभी कीमत और स्पेक्स
Xiaomi अपना लेटेस्ट बजट स्मार्टफोन Xiaomi Redmi S2 अपने घरेलू मार्केट चीन में लॉन्च कर दिया है। सबसे पहले आपको इस फोन की कीमत के बारे में बता देते हैं। इस फोन को चीन में 999 चीनी युआन यानी करीब 10,500 रुपए में लॉन्च किया गया है।
कीमत की तुलना में इसके फीचर्स की बात करें, तो इस फोन में 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया है, जो सेल्फी सेंट्रिक स्मार्टफोन कैटेगिरी में आने वाले फोन को टक्कर देगा। इसके अलावा शाओमी का ये फोन फेस अनलॉक फीचर के साथ भी आता है। आइए जानते हैं इस फोन के सभी फीचर्स और स्पेसिफिकेशन के बारे में।

शाओमी रेडमी S2 को कंपनी ने रैम और स्टोरेज के आधार पर दो वेरिएंट में पेश किया है। इसमें 3 जीबी रैम और 32 जीबी स्टोरेज है, जिसकी कीमत 999 चीनी युआन यानी करीब 10,500 रुपए है। वहीं, 4 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज की कीमत अभी सामने नहीं आई है। दोनों ही फोन के इंटरनल स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए 256 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। इस फोन में दो सिमकार्ड स्लॉट और एक माइक्रोएसडी कार्ड स्लॉट दिया है।
शाओमी की इस फोन में 5.99 इंच का एचडी+ डिस्प्ले दिया है, जो 720x1440 पिक्सल रिजॉल्यूशन के साथ आता है। इसका ऑस्पेक्ट रेश्यो 18:9 है। डिजाइन की बात करें, तो कंपनी ने इस स्मार्टफोन को पतले बैजल के साथ पेश किया है। इस फोन को गोल्ड, शैंपेन गोल्ड और प्लेटिनम सिल्वर कलर वेरिएंट में पेश किया गया है। फोन के बैक पैनल पर फिंगर प्रिंट सेंसर दिया है।

फोटोग्राफी के लिए शाओमी रेडमी S2 में डुअल रियर कैमरा दिया है। ये कैमरा 12 मेगापिक्सल का है और सेकेंडरी 5 मेगापिक्सल सेंसर के साथ आता है। ये रियर कैमरा ऑटो फोकस (पीडीएएफ), एफ/2.2 अपर्चर, एआई पोर्ट्रेट मोड, पनोरमा मोड और एलईडी फ्लैश के साथ आता है। इसका रियर कैमरा 30 फ्रेम प्रति सेकेंड की दर से 1080 पिक्सल रिजॉल्यूशन वीडियो शूट कर सकता है। फोटोग्राफी के लिए इस फोन में 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया है, जो एलईडी फ्लैश के अलावा पोर्ट्रेट मोड और एआई स्मार्ट ब्यूटी जैसे फीचर के साथ आता है।
शाओमी रेडमी S2 में स्नैपड्रैगन 625 प्रोसेसर दिया है। ग्राफिक्स के लिए इस फोन में एड्रेनो 506 जीपीयू है। ये फोन पोर्ट्रेट मोड और एआई स्मार्ट ब्यूटी जैसे फीचर के साथ आता है। ये फोन एंड्रॉइड 8.1 ओरियो बेस्ड कंपनी के MIUI 9 ओपरेटिंग सिस्टम पर चलेगा।
पावर बैकअप के लिए इस फोन में 3080 एमएएच की बैटरी दी है। सिक्योरिटी फीचर के लिए फोन में फिंगर प्रिंट सेंसर के अलावा फेस रिकॉग्नाइजेशन फीचर दिया है। कनेक्टिविटी के लिए इस फोन में 4जी वीओएलटीई, वाई-फाई, ब्लूटूथ 4.2 और जीपीएस जैसे ऑप्शन हैं।
अगर आप शाओमी रेडमी S2 फोन को खरीदने का सोच रहे हैं, तो बता दें कि आपको अभी और इंतजार करना होगा क्योंकि कंपनी ने भारत समेत बाकी देशों में इस फोन की लॉन्च डेट और उपलब्धता को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।


Click it and Unblock the Notifications








