क्रिएटर्स और फैंस के लिए YouTube जोड़ने जा रहा है नई सर्विस, जानें क्या होंगे लाभ
YouTube ने हाल ही में अपने 'Made On YouTube' इवेंट का आयोजन किया। इस इवेंट में कंपनी ने क्रिएटर्स और उनके फैंस एवं दर्शकों के बीच इंटरैक्शन के लिए एक स्पेस की घोषणा की है। इस स्पेस को 'Communities' नाम दिया गया है, जो कि क्रिएटर्स के चैनल में एक डिस्कॉर्ड जैसे सर्वर की तरह काम करेगा।
यूट्यूब द्वारा इस फीचर को पेश करने के पीछे का लक्ष्य क्रिएटर्स को Discord और Reddit जैसे अन्य प्लेटफॉर्म का सहारा लेने से बचाना है, जिससे वे YouTube प्लेटफॉर्म पर अधिक दर्शकों के साथ कनेक्ट हो सकें। चलिए इस फीचर के बारे में विस्तार से जान लेते हैं।

कैसे करेगा YouTube का नया फीचर काम
इस नए स्पेस में ऑडियंस पोस्ट कर सकेंगे और क्रिएटर के चैनल में अन्य फैंस के साथ इंटरैक्ट भी कर सकेंगे। इस फीचर के पहले दर्शक केवल क्रिएटर के चैनल पर कमेंट्स ही छोड़ सकते हैं, लेकिन इसके बाद दर्शकों को सीधे फैंस के साथ इंटरैक्ट करने का मौका मिलेगा।
यहां ध्यान दें कि यह नया 'Communities' फीचर YouTube के मौजूदा Communities फीचर से अलग है। फिलहाल यूट्यूब पर मौजूद Communities फीचर की पेशकश कंपनी द्वारा 2016 में की गई थी, जो कि क्रिटर्स को दर्शकों के साथ टेक्स्ट और इमेज शेयर करने का स्पेस देता है। लेकिन इस फीचर में ऑडियंस-टू-ऑडियंस इंटरैक्शन की सुविधा नहीं है। अब नए फीचर की मदद से ये सुविधा भी मिलने जा रही है।
किसे मिलेगा फीचर
ये नया Communities फीचर यूजर्स को क्रिएटर की Community के भीतर अपने कंटेंट शेयर की परमिशन देता है, जिससे वे अन्य फैंस के साथ कनेक्ट हो सकें और सामान्य रुचियों को शेयर कर सकें। बता दें कि शुरुआत में फीचर केवल सब्सक्राइबर्स के लिए ही उपलब्ध होगा।
Communities फीचर की टेस्टिंग जारी
अभी YouTube मोबाइल डिवाइसेज पर कुछ क्रिएटर्स के साथ इस फीचर की टेस्टिंग कर रहा है। कंपनी का लक्ष्य इस साल के अंत तक फीचर को ज्यादा से ज्यादा क्रिएटर्स तक पहुचानें का है। इसके अलावा कंपनी 2025 की शुरुआत में ज्यादा चैनलों को भी इस फीचर का एक्सेस देने की प्लानिंग कर रही है।


Click it and Unblock the Notifications








