Jio के बाद Airtel ने बंद किया अपने सबसे सस्ता वाला प्रीपेड रिचार्ज प्लान; क्या होगा यूजर्स पर असर
Airtel Discontinues ₹249 Prepaid Recharge Plan: भारत में टेलीकॉम कंपनियां लगातार अपने प्रीपेड रिचार्ज प्लान में बदलाव कर रही हैं। इसी कड़ी में भारती एयरटेल ने बुधवार को अपने सबसे लोकप्रिय 249 रुपये वाले प्रीपेड रिचार्ज पैक को बंद कर दिया है। यह पैक कंपनी का एंट्री-लेवल ऑफर माना जाता था और बड़ी संख्या में यूजर्स इसे इस्तेमाल कर रहे थे।
अब एयरटेल के ग्राहकों को 299 रुपये से रिचार्ज कराना होगा ताकि वे लगभग वही फायदे ले सकें जो 249 रुपये वाले पैक में मिलते थे। आइए जानते हैं कि कंपनी ऐसा कदम क्यों उठा रही है और इससे ग्राहकों पर क्या असर पड़ सकता है।

249 रुपये वाले पैक में क्या खास
एयरटेल का यह रिचार्ज पैक कस्टमर्स को 1GB हाई-स्पीड डेटा प्रतिदिन, अनलिमिटेड कॉलिंग, और 100 SMS प्रति दिन की सुविधा देता था। इसकी वैधता 24 दिन थी। इतना ही नहीं, पैक के साथ कंपनी कई कंप्लिमेंट्री बेनिफिट्स भी दे रही थी। इनमें कॉल और मैसेज पर लाइव स्पैम अलर्ट, Airtel Xstream कंटेंट का मुफ्त सब्सक्रिप्शन और 30 दिन का Hellotunes एक्सेस शामिल थे।
इसके अलावा हाल ही में एयरटेल ने अपने यूजर को Perplexity AI Pro फ्री सब्सक्रिप्शन (17,000 रुपये कीमत) देना शुरू किया था, जो इसी पैक के साथ मिलता था। यानी, यह पैक न सिर्फ डेटा और कॉलिंग बल्कि डिजिटल सर्विसेज की वजह से भी यूजर्स में काफी फेमस था।
ऐप पर दिखा रहा रिवाइज्ड प्लान
एयरटेल थैंक्स ऐप में अब यह पैक दिखाई नहीं दे रहा है। इसके सामने केवल 'Price Revised' लिखा हुआ है। इसका मतलब है कि कंपनी ने इसे पूरी तरह से बंद कर दिया है और अब इसके बदले नया बेस पैक ₹299 से शुरू होगा।
299 रुपये का नया एंट्री-लेवल पैक कंपनी की वेबसाइट और ऐप के मुताबिक अब एयरटेल का सबसे सस्ता डेली डेटा वाला पैक का है। इसमें कस्टमर्स को 1GB डेटा प्रति दिन, अनलिमिटेड कॉलिंग, 100 SMS प्रतिदिन, और 28 दिनों की वैधता मिलेगी। यानी 249 रुपये वाले पैक के मुकाबले यह पैक 50 रुपये महंगा है, लेकिन इसके साथ कस्टमर्स को 4 दिन एक्स्ट्रा वैलिडिटी भी मिल रही है।
जियो ने भी लिया ऐसा ही कदम
एयरटेल से पहले रिलायंस जियो भी अपने 249 रुपये वाले प्रीपेड पैक को बंद कर चुका है। जियो का यह पैक भी ग्राहकों को 1GB/दिन डेटा, अनलिमिटेड कॉल और 28 दिनों की वैधता देता था। अब जियो का भी सबसे सस्ता पैक ₹299 से शुरू होता है।
दिलचस्प बात यह है कि अभी तक Vodafone Idea (Vi) ही ऐसी टेलीकॉम कंपनी है जो 249 रुपये वाले पैक को पेश कर रही है। Vi का यह पैक 1GB/दिन डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और 100 SMS प्रति दिन की सुविधा देता है।
कस्टमर्स पर होगा क्या असर?
एयरटेल और जियो दोनों ने जब अपने 249 रुपये वाले पैक बंद कर दिए हैं, तो इसका सीधा असर लाखों प्रीपेड कस्टमर्स पर पड़ेगा। खासकर वे यूजर्स जो कम बजट में डेटा और कॉलिंग की सुविधा चाहते थे, उन्हें अब कम से कम 299 रुपये खर्च करने होंगे।
हालांकि, दोनों कंपनियां दावा कर रही हैं कि नए पैक में यूजर्स को ज्यादा वैल्यू मिल रही है, क्योंकि वैलिडिटी बढ़ गई है और डिजिटल सर्विसेज भी शामिल हैं।
टेलीकॉम सेक्टर में बढ़ती लागत और 5G नेटवर्क के विस्तार के बीच यह साफ दिख रहा है कि कंपनियां अपने एंट्री-लेवल प्रीपेड पैक्स की कीमत धीरे-धीरे बढ़ा रही हैं।


Click it and Unblock the Notifications








