BSNL 4G हुआ पूरे भारत में लाइव, 30-40% सस्ते प्लान से Jio- Airtel को टक्कर
भारत ने दूरसंचार क्षेत्र में एक बड़ा माइलस्टोन हासिल किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकारी टेलीकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) की 4G सर्विस का पूरे देश में एक साथ शुभारंभ किया। इसके साथ ही BSNL अब निजी ऑपरेटर्स की तरह पैन-इंडिया 4G कवरेज देने वाली कंपनी बन गई है।

98,000 साइट्स पर एक साथ एक्टिवेशन
लॉन्च की घोषणा ओडिशा के झारसुगुड़ा से की गई, जहां पीएम मोदी ने अन्य कई प्रोजेक्ट्स का भी उद्घाटन किया। खास बात यह है कि BSNL ने एक ही बार में 98,000 मोबाइल टावर साइट्स पर 4G नेटवर्क सक्रिय कर दिया है।
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जानकारी दी कि आने वाले समय में 1 लाख से अधिक नए टावर भी लगाए जाएंगे ताकि कनेक्टिविटी और मजबूत हो सके।
स्वदेशी तकनीक से बना BSNL 4G
BSNL का यह नेटवर्क पूरी तरह स्वदेशी तकनीक पर आधारित है। यानी इसके हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर, दोनों भारत में ही विकसित किए गए हैं।
इस उपलब्धि के साथ भारत दुनिया के उन चुनिंदा पांच देशों स्वीडन, डेनमार्क, चीन और साउथ कोरिया की सूची में शामिल हो गया है, जिनके पास आत्मनिर्भर टेलीकॉम इन्फ्रास्ट्रक्चर है। सरकार ने इस नेटवर्क के लिए 37,000 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
90 मिलियन यूजर्स को सीधा फायदा
BSNL के मौजूदा 9 करोड़ से ज्यादा ग्राहक इस लॉन्च से सीधा फायदा उठाएंगे। अब उन्हें तेज़ 4G नेटवर्क मिलेगा और कॉलिंग-डेटा एक्सपीरियंस निजी ऑपरेटर्स की तरह होगा। सबसे बड़ी बात यह है कि BSNL के प्लान्स 30 से 40 प्रतिशत तक सस्ते हैं, जिससे यह यूज़र्स के लिए किफायती विकल्प साबित होगा।
पहले नेटवर्क दिक्कतों की वजह से कई ग्राहक प्राइवेट कंपनियों में चले गए थे, लेकिन अब बेहतर कवरेज और स्पीड मिलने पर BSNL फिर से यूज़र ट्रस्ट हासिल कर सकता है।
5G और 6G की रोडमैप पर नजर
BSNL केवल 4G तक ही सीमित नहीं रहने वाला। कंपनी इस साल के अंत तक दिल्ली और मुंबई जैसे मेट्रो शहरों में 5G सेवाएं शुरू करने की तैयारी कर रही है।
इसके आगे पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत 2030 तक 6G तकनीक शुरू करने की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। अगर यह लक्ष्य हासिल होता है तो भारत दुनिया के शुरुआती 6G देशों में शामिल होगा।
TCS और तेजस नेटवर्क्स का योगदान
BSNL 4G के इस विशाल नेटवर्क रोलआउट में भारतीय आईटी दिग्गज TCS (Tata Consultancy Services) और Tejas Networks की भी बड़ी भूमिका रही है। जहां TCS ने नेटवर्क इंटीग्रेशन का काम संभाला, वहीं तेजस नेटवर्क्स ने रेडियो एक्सेस सिस्टम डेवलप किया।
यह साझेदारी 'आत्मनिर्भर भारत' के विजन के अनुरूप है और दिखाती है कि भारतीय कंपनियां किस तरह विश्वस्तरीय समाधान देने में सक्षम हैं।
BSNL 4G का देशव्यापी लॉन्च भारत के डिजिटल सफर का एक अहम पड़ाव है। यह न सिर्फ़ करोड़ों ग्राहकों के लिए सस्ती और तेज़ कनेक्टिविटी लाएगा, बल्कि भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता को भी दुनिया के सामने साबित करेगा। आने वाले समय में 5G और 6G की तैयारियों के साथ, BSNL और भारत दोनों ही वैश्विक टेलीकॉम मानचित्र पर और मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने वाले हैं।


Click it and Unblock the Notifications








