Jio-Airtel इन यजर्स को दे रहा फ्री डेटा और कॉल्स; जानिए क्या आपको को भी मिलेगी सुविधा?
Jio and Airtel Announce Free Data: भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसकी वजह से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं और कई जगहों पर संचार सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। ऐसे हालात में जब लोगों के लिए अपने परिजनों से संपर्क करना मुश्किल हो रहा है, तब टेलीकॉम कंपनियां जियो (Jio) और एयरटेल (Airtel) उनके लिए राहत लेकर सामने आई हैं।
इसके साथ ही केंद्र सरकार ने भी कनेक्टिविटी को बनाए रखने के लिए अहम निर्देश जारी किए हैं। आइए जानते हैं कि सरकार और टेलीकॉम कंपनियों का क्या प्लान है।

जियो देगा मुफ्त कॉल और डेटा
रिलायंस जियो ने घोषणा की है कि बाढ़ और बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले सभी प्रीपेड कस्टमर्स की वैलिडिटी 3 दिन के लिए बढ़ा दी जाएगी। इसके अलावा इन कस्टमर्स को हर दिन 2GB हाई-स्पीड डेटा और अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग की सुविधा मिलेगी।
इतना ही नहीं, JioHome ब्रॉडबैंड यूजर्स को भी कंपनी ने राहत दी है। उन्हें भी एक्स्ट्रा 3 दिन की सर्विस एक्सटेंशन दी जाएगी ताकि मुश्किल वक्त में इंटरनेट सेवाएं बाधित न हों। वहीं, पोस्टपेड कस्टमर्स को कंपनी ने 3 दिन का ग्रेस पीरियड दिया है। यानी बिल का भुगतान देर से करने पर भी उनकी सेवाएं बंद नहीं होंगी और वे बिना रुकावट डेटा व कॉलिंग का इस्तेमाल कर पाएंगे।
एयरटेल ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
जियो की तरह भारती एयरटेल ने भी बाढ़ प्रभावित इलाकों के ग्राहकों के लिए राहत की घोषणा की है। कंपनी के अनुसार, प्रीपेड कस्टमर्स को 3 दिन की एक्स्ट्रा वैलिडिटी मिलेगी। इसके साथ उन्हें हर दिन 1GB डेटा और अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा दी जाएगी।
वहीं, एयरटेल पोस्टपेड और ब्रॉडबैंड कस्मटमर्स को भी 3 दिन का ग्रेस पीरियड मिलेगा ताकि इस आपदा के दौरान उनकी सेवाएं बाधित न हों और वे अपने परिवार व परिचितों से जुड़े रह सकें।
सरकार ने किया इंट्रा-सर्कल रोमिंग का आदेश
इस बीच सरकार ने भी कनेक्टिविटी को सुचारू बनाए रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है। दूरसंचार विभाग (DoT) ने सभी टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 2 सितंबर 2025 तक इंट्रा-सर्कल रोमिंग की सुविधा उपलब्ध कराएं।
इस फैसले के तहत अगर किसी क्षेत्र में किसी ऑपरेटर का नेटवर्क काम नहीं कर रहा है तो कस्टमर दूसरे नेटवर्क पर ऑटोमेटिक रूप से शिफ्ट हो सकेंगे। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि आपातकालीन कॉल्स और जरूरी संचार सेवाएं जारी रहेंगी।
क्यो उठाया ये कदम?
बारिश और बाढ़ से जूझ रहे लोगों के लिए यह राहत कदम किसी संजीवनी से कम नहीं है। आपदा के समय सबसे बड़ी चुनौती अपने परिजनों से संपर्क बनाए रखना और बचाव सेवाओं से जुड़ा रहना होता है। ऐसे में जियो और एयरटेल जैसी बड़ी कंपनियों का मुफ्त कॉलिंग और डेटा देना प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी मदद साबित होगा।
सरकार द्वारा इंट्रा-सर्कल रोमिंग को मंजूरी देने से यह सुनिश्चित हुआ है कि नेटवर्क डाउन होने पर भी लोग किसी न किसी ऑपरेटर के जरिए जुड़े रह सकेंगे।
कुल मिलाकर, इन कदमों ने यह साबित किया है कि मुश्किल समय में टेक्नोलॉजी और कनेक्टिविटी कितनी जरूरी है। चाहे वह बचाव दल से संपर्क करना हो या अपने परिवार को सुरक्षित होने की सूचना देना, टेलीकॉम कंपनियों और सरकार के ये फैसले लाखों प्रभावित लोगों के लिए राहत की सांस लेकर आए हैं।


Click it and Unblock the Notifications








