Motorola का कौन सा फोल्डेबल फोन है ज्यादा दमदार; किन फोन को चुनना है बेस्ट
Motorola Razr 60 vs Razr 60 Ultra: मोटोरोला ने अपने प्रीमियम फोल्डेबल स्मार्टफोन लाइनअप को अपडेट करते हुए 2025 में दो नए डिवाइस पेश किए हैं। इसे Razr 60 और Razr 60 Ultra नाम दिया गया है। जहां दोनों ही फोन अपने स्टाइलिश डिजाइन, दमदार फीचर्स और फोल्डेबल तकनीक के कारण चर्चा का विषय बने हुए हैं। वहीं दूसरी तरफ ये सवाल भी बना हुआ है कि दोनों में कौन फोन बेस्ट है।
हालांकि दोनों ही फोन अपने में बहुत खास हैं लेकिन दोनों में बहुत से फर्क हैं। यहां हम आपके लिए Motorola Razr 60 और Razr 60 Ultra का कंपेरिजन कर रहे हैं, ताकि आप इनके फीचर्स और स्पेक्स के बारे में अच्छे से समझ सकें और अपने लिए एक सही ऑप्शन चुन सकें।

डिजाइन
मोटोरोला के दोनों फोल्डेबल फोन पिछले साल के मॉडल की तरह ही फ्लिप डिजाइन में आते हैं, लेकिन इस बार टाइटेनियम-रेइंफोर्स्ड हिंज के साथ पेश किए गए हैं जो 35% तक ज्यादा ड्यूरेबल हैं। इसके अलावा इसमें IPX8 की तुलना में अब IP48 रेटिंग दी गई है, जिससे ये डिवाइस धूल और पानी दोनों से सुरक्षित हैं।
Razr 60 Ultra चार प्रीमियम फिनिश यानी Alcantara, रियल बुड, साटन-इंस्पायर्ड और फॉक्स लेदर में आता है। वहीं, Razr 60 में नायलॉन-इंस्पायर्ड, फॉक्स लेदर और लाइटवेट एसीटेट फिनिश के ऑप्शन मिलते हैं।
Ultra मॉडल में एक खास AI बटन भी है, जिससे Moto AI फीचर्स को तुरंत एक्सेस किया जा सकता है।
डिस्प्ले
Razr 60 Ultra में 7-इंच की pOLED LTPO डिस्प्ले है, जबकि Razr 60 में 6.9-इंच की FHD+ pOLED स्क्रीन मिलती है।
Ultra की स्क्रीन Pantone वैलिडेटेड है और 1224p (Super HD) रेजोल्यूशन के साथ 165Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती है, वहीं Razr 60 में केवल 120Hz रिफ्रेश रेट मिलता है।
ब्राइटनेस के मामले में भी Ultra आगे है, क्योंकि यह 4500 निट्स तक जा सकती है जबकि Razr 60 की पीक ब्राइटनेस 3000 निट्स तक ही सीमित है। इसके साथ ही Dolby Vision का सपोर्ट केवल Ultra मॉडल में ही मिलता है।
बाहरी डिस्प्ले की बात करें तो Ultra में 4-इंच 165Hz की स्क्रीन है जो Corning Gorilla Glass Ceramic प्रोटेक्शन के साथ आता है, जबकि Razr 60 में 3.6-इंच 90Hz स्क्रीन है जो Gorilla Glass Victus प्रोटेक्शन के साथ पेश की गई है।
कैमरा सेटअप
Razr 60 Ultra दुनिया का पहला फोल्डेबल फोन है, जिसमें ट्रिपल 50MP कैमरा सेटअप मिलता है, जिसमें से एक 50MP सेल्फी कैमरा है। हालांकि इसमें कोई टेलीफोटो लेंस नहीं है।
Razr 60 की बात करें तो इसमें 50MP का प्राइमरी कैमरा, 13MP का अल्ट्रा-वाइड और 32MP का फ्रंट कैमरा है। दोनों फोन में अल्ट्रा-वाइड कैमरा मैक्रो शॉट्स भी ले सकते हैं।
वीडियो रिकॉर्डिंग की बात करें तो Ultra 30fps पर 8K और 60fps पर 4K तक सपोर्ट देता है, जबकि Razr 60 सिर्फ 30fps पर 4K और 60fps पर 1080p का सपोर्ट देता है।
प्रोसेसर और परफॉर्मेंस
Razr 60 Ultra में Snapdragon 8 Elite चिपसेट है, जो फ्लैगशिप लेवल परफॉर्मेंस देता है। इसके साथ ही ये पहला फोल्डेबल फोन है, जिसमें क्वॉलकॉम का ये पावरफुल प्रोसेसर है।
इस डिवाइस में आपको 16GB LPDDR5X RAM और 512GB या 1TB का स्टोरेज ऑप्शन मिलता है।
Razr 60 की बात करें तो इस डिवाइस में MediaTek Dimensity 7400X चिपसेट दिया गया है, जिसे ज्यादातर मिड-रेंज सेगमेंट वाले फोन में इस्तेमाल किया जा रहा है।
इस फोल्डेबल डिवाइस में आपको 8GB RAM और 256GB या 512GB स्टोरेज ऑप्शन मिलते हैं।
सॉफ्टवेयर और AI फीचर्स
दोनों ही फोल्डेबल फोन Android 15 पर काम करते हैं और Moto AI फीचर्स जैसे Catch Me Up, Pay Attention और Remember This को सपोर्ट करते हैं।
हालांकि Ultra में एक डेडिकेटेड AI बटन दिया गया है, जिसकी मदद से आप इन फीचर्स तक क्विक एक्सेस पा सकते हैं।
बैटरी और चार्जिंग
Razr 60 Ultra में 4700mAh की बैटरी है जो 68W TurboPower चार्जिंग और 30W वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट करती है।
वहीं Razr 60 में 4500mAh बैटरी के साथ 30W वायर्ड और 15W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट है।
कीमत
Motorola Razr 60 अल्ट्रा की कीमत की बात करें तो अमेरिका में इसके सिंगल 16GB रैम और 256GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 1,300 डॉलर यानी लगभग 1,11,000 रुपये तय की गई है। जबकि यूके में इसकी कीमत 1,099.99 यूरो यानी लगभग 1,24,900 रुपये तय की गई है।
ये डिवाइस 4 कलर ऑप्शन रियो रेड, स्कारैब, माउंटेन ट्रेल और कैबरे रंगों में आता है।
Razr 60 की कीमत अमेरिका में 8GB + 256GB वेरिएंट के लिए 700 डॉलर यानी लगभग 59,800 रुपये और यूके में 800 यूरो यानी लगभग 90,800 रुपये तय की गई है।
इसे भी 4 कलर ऑप्शन- लाइटेस्ट स्काई, जिब्राल्टर सी, स्प्रिंग बड और परफेट पिंक रंगों में खरीदा जा सकता है।
कौन है बेहतर विकल्प?
अगर आप एक अल्ट्रा-प्रीमियम अनुभव चाहते हैं, टॉप-लेवल कैमरा, डिस्प्ले और परफॉर्मेंस के साथ, तो Razr 60 Ultra आपके लिए सही ऑप्शन हो सकता है।
वहीं, अगर आप पहली बार फ्लिप फोन ट्राय करना चाहते हैं और बजट को भी ध्यान में रखना चाहते हैं तो Razr 60 के बारे में सोच सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications








